मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को फिर से शांति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि विश्व में चल रहे तनावों को लेकर भारत की सोच स्पष्ट है। हमने शांति और स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया है। जब दो लोकतंत्र साथ खड़े होते हैं तो शांति की आवाज और सशक्त हो जाती है।
पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए चिंता का विषय
नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत बातचीत और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
भारत-कनाडा समझौते पर भी बोले पीएम मोदी
भारत और कनाडा के बीच हुए समझौतों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम डिफेंस इंडस्ट्रीज, मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस और मिलिट्री एक्सचेंज बढ़ाने पर काम करेंगे। इसी उद्देश्य से आज हमने इंडिया-कनाडा डिफेंस डायलॉग की स्थापना करने का फैसला लिया है।
