मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट बैठक सोमवार को बड़वानी जिले के नागलवाड़ी स्थित शिखरधाम में हुई। भीलटदेव मंदिर की तलहटी पर बने 8 एकड़ के गार्डन को अस्थायी मंत्रालय का स्वरूप दिया गया था। इस विशेष बैठक में करीब 25 मंत्री शामिल हुए, हालांकि कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल बैठक में नहीं पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने 24 फरवरी को विधानसभा सत्र के दौरान इस कृषि कैबिनेट की घोषणा की थी। यह प्रदेश सरकार की छठी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक रही। बैठक में निमाड़ अंचल के सात जिलों—खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ और आलीराजपुर—के कृषि और विकास से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस रखा गया।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के साथ शिखरधाम पहुंचकर बाबा भीलट देव के दर्शन किए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री जुलवानिया के भगोरिया हाट में भी शामिल होंगे।
