लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) और दो ट्रफ के असर से मध्य प्रदेश में एक बार फिर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को 10 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा, जबकि मंगलवार को बालाघाट-डिंडौरी समेत 5 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी हिस्से में लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। वहीं, दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में 2 ट्रफ सक्रिय है। इनके असर से प्रदेश में फरवरी महीने में चौथी बार बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो मंगलवार को भी रहेगा। अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश हो सकती है। सोमवार को कई जिलों में दोपहर तक धूप खिली रही, लेकिन इसके बाद मौसम ने करवट बदली। जबलपुर, रीवा, सीधी में बारिश हुई। वहीं, रात में भी मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, ग्वालियर, मुरैना, रीवा, बड़वानी, धार, दतिया, सीधी, खरगोन, सागर और दमोह में भी गरज-चमक और बारिश की स्थिति देखने को मिली।
