कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भोपाल दौरे के चलते विधानसभा में आज कांग्रेस सदन के बजाय सड़क पर हमलावर रहेगी। विधानसभा में आज प्रश्नोत्तर काल के बाद आगामी बजट की अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी।
ध्यानाकर्षण में उठेगा जमीन बंदोबस्त और नहर सीमेंटीकरण का मामला विधानसभा में आज खरगोन जिले के भीकनगांव और झिरण्या क्षेत्र के अंतर्गत जमीन का बंदोबस्त कार्य न कराए जाने से राजस्व संबंधी व्यवहारिक कठिनाइयों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा। विधायक झूमा सोलंकी द्वारा लाए जाने वाले प्रस्ताव पर राजस्व मंत्री जवाब देंगे। इसके अलावा एक अन्य ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिनेश राय मुनमुन, रजनीश सिंह की ओर से लाया जाएगा जिसमें सिवनी और केवलारी विधानसभा क्षेत्र की नहर निर्माण और सीमेंटीकरण का काम पूरा नहीं होने पर किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने का मामला उठाया जाएगा। इस पर जल संसाधन मंत्री जवाब देंगे।
नगरीय विकास, जनजातीय कार्य, स्कूल, शिक्षा, परिवहन, उच्च शिक्षा पर होगी चर्चा
प्रश्नोत्तर काल, शून्यकाल, याचिकाओं की प्रस्तुति और पत्रों को पटल पर रखने के बाद विधानसभा में पौने आठ घंटे का समय विभाग वार अनुदान मांगों पर चर्चा के लिए तय किया गया है। नगरीय विकास और आवास विभाग, राज्य विधानमंडल पर सोमवार को चर्चा नहीं हो पाई है। इसलिए सबसे पहले इसी पर विधायकों से अभिमत लिया जाएगा। इसके बाद जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल गैस त्रासदी, राहत और पुनर्वास तथा लोक परिसंपत्ति विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। फिर अनुसूचित जाति कल्याण, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास और रोजगार विभाग की अनुदान मांगों पर पक्ष और विपक्ष के विधायक अपनी राय रखेंगे।
