आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के मैच नंबर-38 में गुरुवार (19 फरवरी) को श्रीलंका का सामना जिम्बाब्वे से हुआ। जहां दोनों टीमों के बीच ग्रुप-बी का यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 6 विकेट से जीत हासिल की और इस टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा बड़ा उलटफेर किया।
दरअसल, जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को उसके घरेलू मैदान में ही रौंदा, ऐसे में यह उसकी बड़ी जीत और उलटफेर है। वहीं, इसी जिम्बाब्वे की टीम ने मौजूदा वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराकर भूचाल मचा दिया था। हालांकि इस हार से श्रीलंका को कोई खास फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि वो सुपर-8 के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे को जीत के लिए 179 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने तीन गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने नाबाद 63 रन बनाए, जबकि कप्तान सिकंदर रजा के बल्ले से 45 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने मौजूदा टूर्नामेंट में अपने चारों मैच जीते हैं। अब सुपर-8 में जिम्बाबे का मुकाबला भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से होगा।
