पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की हालिया अमेरिका यात्रा कूटनीतिक सफलता के बजाय उनके लिए सार्वजनिक शर्मिंदगी का कारण बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में शरीफ के हाव-भाव और वहां घटी घटनाओं ने सोशल मीडिया पर मीम्स और तीखी आलोचनाओं का तूफान ला दिया है। इस दौरे का सबसे चर्चित और विवादित पल वह रहा, जब एक वायरल वीडियो में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ राष्ट्रपति ट्रंप को किसी सुरक्षा गार्ड की तरह अजीबोगरीब अंदाज में सैल्यूट करते हुए नजर आए। इस वाकये के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की जमकर जग हंसाई हो रही है।
कूटनीतिक मर्यादा तार-तार, ग्रुप फोटो में भी किया गया किनारे
इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों ने इसे पाकिस्तान की संप्रभुता और कूटनीतिक मर्यादा के बिल्कुल विपरीत करार दिया। आलोचकों का स्पष्ट रूप से मानना है कि एक संप्रभु देश के प्रधानमंत्री का किसी दूसरे राष्ट्राध्यक्ष के सामने इस तरह झुकना दोनों देशों के बीच बेहद असंतुलित और कमजोर संबंधों को उजागर करता है। बात सिर्फ अजीबोगरीब व्यवहार तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि बैठक की आधिकारिक तस्वीरों ने भी वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की वास्तविक हैसियत की पोल खोल दी। दुनिया भर के नेताओं के साथ लिए गए ग्रुप फोटो में जहां डोनाल्ड ट्रंप अपने प्रमुख सहयोगियों के साथ बीच में खड़े थे, वहीं शहबाज शरीफ को बिल्कुल किनारे पर खड़ा किया गया था। कूटनीतिक विशेषज्ञ इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस्लामाबाद के पूरी तरह से हाशिए पर चले जाने का प्रतीक मान रहे हैं।
