अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच लगातार दो दिन से जंग जारी है। मिडिल ईस्ट के देशों में फंसे भारतीयों और भारत में सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी के आवास पर रविवार रात करीब 9.30 बजे सुरक्षा समिति की बैठक हुई।
मीटिंग में वेस्ट एशिया में रहने वाले भारतीयों और वहां फंसे लोगों की सुरक्षा, हालात बिगड़ने पर उससे कैसे निपटा जाए, इस पर चर्चा हुई। फिलहाल वेस्ट एशिया का एयरस्पेस लगभग बंद है।
पीएम ने X पोस्ट में बताया कि उनकी UAE प्रेसिडेंट शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात हुई है। भारत ने UAE पर हुए हमलों की निंदा की है। भारत इस मुश्किल समय में उनके साथ है। वहां रहने वाले भारतीयों का ध्यान रखने के लिए UAE का धन्यवाद है। हम तनाव कम करने, शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।
पीएम ने यह भी बताया कि मेरी इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात हुई। हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंता बताई और इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भारत दुश्मनी को जल्द खत्म करने की जरूरत पर फिर से जोर देता है।
