इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का आज तीसरा दिन है। अल-जजीरा के मुताबिक, इस दौरान ईरान के 1,000 ठिकानों पर हमला किया गया। इजराइली सेना के मुताबिक, जंग के पहले 30 घंटों में 2,000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं।
इस दौरान फाइटर जेट्स ने 700 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं। ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे।
वहीं, रविवार को ईरान के हमले में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी, जबकि 5 घायल हो गए थे। ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर तब तक हमला जारी रखेंगे जब तक वह इन मौतों का बदला नहीं ले लेते।
शनिवार को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इन हमलों में 48 ईरानी ‘नेता’ मारे गए हैं। ईरान में सत्ता संभालने के लिए फिलहाल तीन लोगों की एक अस्थायी समिति बनाई गई है। इसमें देश के राष्ट्रपति मसूद पजश्कियान, न्यायपालिका के प्रमुख मोहसेनी एजेही और धर्मगुरु अलीरजा अराफी शामिल हैं।
