सतना जिले के तिवनी गांव में बुधवार सुबह 9 बजे एक दंपति के शव उनके ही घर के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। 45 वर्षीय रामनिवास कोरी फांसी पर लटका मिला, जबकि 43 वर्षीय पत्नी शकुंतला की लाश तख्त पर पड़ी थी।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और मौके पर खून या शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम आशंका जता रही है कि पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर जान दे दी, या फिर पति को फंदे पर देखकर पत्नी की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
खेत से लौटे पिता ने पीछे का दरवाजा खोला मृतक के पिता मंगल कोरी ने बताया कि वे मंगलवार रात खेत गए थे और बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर लौटे। काफी आवाज लगाने पर जब बेटे-बहू ने कोई जवाब नहीं दिया, तो उन्होंने पड़ोसी को बुलाकर किसी तरह पीछे का दरवाजा खोला। अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर घर की छत पर सो रहा 18 वर्षीय बेटा जीशू और अन्य ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
दो दिन पहले ही घर लौटा था मृतक पिता मंगल कोरी के अनुसार, उन्हें इस घटना के पीछे की वजह समझ नहीं आ रही है। रामनिवास रीवा में एक व्यापारी के यहां ट्रक ड्राइवर का काम करता था और किसानी में भी परिवार का हाथ बंटाता था। वह दो दिन पहले ही अपने घर वापस आया था। फिलहाल फोरेंसिक टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मौत के असली कारणों की जांच कर रही है।


