भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में रहने वाले एक आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना मंगलवार दोपहर की है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, बच्ची 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस को परिजनों से सूचना मिली। छात्रा के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की जांच की जा रही है। वहीं बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम अब मृतका के दोस्तों और सहपाठियों से भी पूछताछ करेगी, ताकि हाल के दिनों में उसके व्यवहार में आए किसी भी बदलाव या मानसिक तनाव के बारे में सुराग मिल सके। चूंकि छात्रा हाल ही में नई कक्षा में गई थी, इसलिए पढ़ाई के दबाव के एंगल को भी पूरी तरह नकारा नहीं जा रहा है।
इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और हालिया एक्टिविटी को भी ट्रैक किया जा रहा है, ताकि यह समझा जा सके कि घटना से कुछ घंटे पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी या क्या वह किसी बात को लेकर परेशान थी।
सभी एंगल पर पुलिस जांच जारी
पुलिस इस घटना को हर संभावित एंगल से देख रही है, ताकि कदम उठाने की असली वजह साफ हो सके। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर रही है। हालांकि, परिजनों के डिटेल बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट और फॉरेंसिक इनपुट मिलने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी।

