जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के सामने मंगलवार रात धमाका हुआ। इसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। गनीमत रही कि धमाके में किसी को चोट नहीं लगी। इस ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर भी ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई लेकिन वह दीवार पर टकराकर फट गया।
श्री आनंदपुर साहिब से शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब CM भगवंत मान ने कहा कि ये ब्लास्ट भाजपा के इलेक्शन की तैयारी है। भाजपा छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर लोगों को डराकर वोट लेना चाहती है। ये भाजपा का स्टाइल है। चुनाव वाले स्टेट में ब्लास्ट और दंगे करवा दो।
इसी बीच, DGP गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर ब्लास्ट की जगह का जायजा लिया। थोड़ी देर में वह जालंधर भी आएंगे। इस मामले में अब जांच में NIA भी शामिल हो गई है। दोनों जगह पर टीमें पहुंच रही हैं। जालंधर ब्लास्ट के मामले में हिरासत में लिया गया युवक BSF के ही रिटायर्ड जवान का बेटा है। परिवार उसे बेकसूर बता रहा है।
जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर ली है। इसमें लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है। इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।
