पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार और ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जश्न का माहौल है। इस प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका बेहद भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस शानदार सफलता से गदगद प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आपने कमाल कर दिया है, हर तरफ कमल खिलाकर एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन अभूतपूर्व है और वर्षों की तपस्या जब सफलता में बदलती है, तो जो खुशी मिलती है, वह आज देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर साफ झलक रही है।
‘गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक खिला कमल’
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पिछले साल के बिहार चुनावों का खास तौर पर जिक्र करते हुए एक बड़ा सियासी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब नवंबर में बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने कहा था कि मां गंगा बिहार से आगे बढ़ते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल में मिली इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक केवल कमल ही कमल खिला हुआ है। पीएम मोदी ने बताया कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल यानी मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन सभी प्रमुख राज्यों में अब भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पूरी मजबूती के साथ काबिज है।
लोकतंत्र के साथ-साथ संविधान की बड़ी जीत
इस जनादेश को जनता की जीत बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, बल्कि यह हमारे संविधान, हमारी संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की भी बहुत बड़ी जीत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में हुए 93 फीसदी बंपर मतदान को ऐतिहासिक करार दिया। इसके साथ ही असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी वोटिंग के नए रिकॉर्ड बनने और चुनाव में महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी की जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग, मतदान कर्मियों और सुरक्षाबलों का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बताया।
‘जहां भाजपा है, वहां सिर्फ गुड गवर्नेंस है’
देशभर में भाजपा के बढ़ते वर्चस्व और स्वीकार्यता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में एनडीए की सरकारें काम कर रही हैं। उन्होंने ‘नागरिक देवो भवः’ को अपनी सरकार का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि हम पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा में जुटे हैं और यही वजह है कि जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार मजबूत हो रहा है। पुडुचेरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2021 में हमने वहां ‘बेस्ट पुडुचेरी’ का जो विजन जनता के सामने रखा था, लोगों ने उस पर विश्वास जताते हुए अपना आशीर्वाद दिया था। पिछले पांच सालों में हमारी एनडीए सरकार ने पूरे समर्पण के साथ उस विजन को गति दी है और आज एक बार फिर पुडुचेरी की जनता ने सुशासन और विकास के नाम पर हम पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।
