दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत के 5-6 फ्लैट्स में फैली थी। लोगों के शव अलग-अलग फ्लोर से बरामद हुए हैं। पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से 5 और तीन शव तीसरे फ्लोर की सीढ़ियों पर मिले हैं। इन सीढ़ियों का मेन गेट लॉक था। कुछ शव कंकाल हालत में मिले हैं।
डीसीपी ने कहा कि 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आई थीं। करीब 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया। जिनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
