हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान से बड़ा हादसा हो गया। उपमंडल आनी के अंतर्गत शमशर–गुगरा सड़क पर बाली ओल के पास करीब शाम पांच बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो पर विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से दर्दनाक दुर्घटना हो गई। इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि तेज तूफान के चलते सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक टूटकर गुजर रही बोलेरो (नंबर एचपी 01के-4621) पर गिर गया। पेड़ गिरते ही वाहन अनियंत्रित होकर गहरी ढलान की ओर लुढ़क गया।
चार शिक्षिकाओं की मौके पर मौत
हादसे के समय गाड़ी में चालक समेत सात लोग सवार थे, जिनमें छह महिला स्कूल शिक्षिकाएं शामिल थीं। दुर्घटना में चार शिक्षिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों की पहचान स्नेह लता (पारलीधार कमांद), बंती कौंडल (लामीसेरी), उषा कुमारी (तराला जाओं) और सीमा आजाद (रोपड़ी) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में चालक सुरेश चंद (तारा देवी, रोपड़ी) और रीना कुमारी (कठेहड़, सरकाघाट, मंडी) शामिल हैं।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज आंधी-तूफान को माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
