ओडिशा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने 82 विधायकों को पारादीप भेज दिया है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, सांसद सुजीत कुमार और निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के समर्थन में रणनीति बनाने के लिए यह कदम उठाया है।
शनिवार शाम भुवनेश्वर स्थित भाजपा मुख्यालय में बैठक के बाद मंत्री और विधायक दो लग्जरी बसों से पारादीप के लिए रवाना हुए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सभी विधायक पारादीप में दिलीप राय के होटल में ठहरेंगे।
इससे पहले कांग्रेस ने भी अपने आठ विधायकों को बेंगलुरु के वंडरला रिजॉर्ट भेजा था। ओडिशा की चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है, जिसमें भाजपा को दो और बीजेडी को एक सीट मिलने की संभावना है।
चौथी सीट के भाजपा और बीजेडी प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 10 राज्यों में चुनाव 16 मार्च को होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी।
