मध्य प्रदेश में रविवार को रंगपंचमी पर्व की शुरुआत उज्जैन में बाबा महाकाल को केसरयुक्त जल अर्पित करके की गई। इंदौर में टोरी कॉर्नर की गेर से रंगों के उत्सव की शुरुआत हुई। यही टोली रंगपंचमी की पारंपरिक गेर में सबसे आगे हैं। इसमें तीन टैंकरों पर मिसाइलें लगाकर रंग बरसाया जा रहा है।
वहीं, नगर निगम की गेर में हाथी की प्रतिकृति की सूंड से रंगीन पानी की बौछार की जा रही है। अलग-अलग रंगों का गुलाल उड़ने से आकाश रंगीन हो गया है।
संगम कॉर्नर समिति की गेर में बरसाना की टीम लट्ठमार होली खेल रही है। इसमें राधा-कृष्ण की जोड़ी रासरंग करती शामिल है। युवाओं की टोली देशभक्ति के तरानों पर नाचती-झूमती करती चल रही है। मॉरल क्लब समिति की गेर में 15 ब्लोअर मशीनें, 6 डीजे गाड़ियां, एक बड़ी बोरिंग मशीन और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शामिल हैं।
उधर, उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल मंदिर में ध्वज पूजन किया। बाबा का अभिषेक करने के बाद प्रदक्षिणा की। तलवारबाजी के जौहर भी दिखाए। फिर संतनगर की गेर में शामिल हुए। इस दौरान वे होली गीतों पर दोनों हाथ उठाकर थिरकते नजर आए।
