अबकी बार मार्च महीने में मध्य प्रदेश जमकर तपेगा। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। मौसम विभाग की माने तो मार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश होने का भी अनुमान है, जबकि दूसरे सप्ताह से गर्मी असर दिखाने लगेगी। दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को गर्मी का अपडेट भी जारी किया है। इसके मुताबिक, मार्च से मई के बीच पूरे प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना जताई है। दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। मार्च से ही असर बढ़ेगा। हालांकि, हीट वेव का असर अप्रैल-मई में ही ज्यादा रहेगा।
बारिश का भी अनुमान मार्च में मध्य प्रदेश में बारिश का भी अनुमान है। दरअसल, 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। जिसका असर 2 दिन बाद एमपी में भी देखने को मिल सकता है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
सिस्टम के असर से दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान भी जताया है।
