भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब के फुल टैंक लेवल (एफटीएल) के दायरे में अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। शनिवार को बैरागढ़ एसडीएम और तहसीलदार ने एक मैरिज गार्डन की 150 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल, दो पक्के निर्माण पर जेसीबी चलवाई। बड़ा तालाब किनारे 10 साल में यह पहली बड़ी कार्रवाई है।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने 28 मार्च तक बड़ा तालाब किनारे के सभी अतिक्रमण को लिस्टेड कर उन्हें हटाने के लिए कहा था। बैरागढ़ वृत्त में तीन दिन में 40 से ज्यादा निर्माण पर लाल निशान लगाए गए थे। वहीं, शनिवार को एसडीएम रविशंकर राय और तहसीलदार हर्षविक्रम सिंह अमले के साथ मैदान में उतर गए।
तहसीलदार सिंह ने बताया कि 150 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल, 8 हजार स्क्वेयर फीट में बना पक्का निर्माण और बैसमेंट को तोड़ा गया है। तालाब के अन्य हिस्से में भी सर्वे कराकर कार्रवाई करेंगे।
