ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा से एक बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज के सरकारी आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने देर रात फौरन कार्रवाई की और प्रधानमंत्री अल्बानीज को सुरक्षित उनके आवास से बाहर निकाल लिया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जल्द ही एक अहम विदेशी दौरा होने वाला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
पुलिस ने पूरे इलाके को घेरा, बम निरोधक दस्ते की जांच जारी
स्थानीय मीडिया संस्थान एसबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कैनबरा पुलिस को एक अज्ञात फोन कॉल के जरिए प्रधानमंत्री आवास में बम प्लांट होने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने पीएम आवास को चारों तरफ से घेर लिया। प्रधानमंत्री अल्बानीज को एहतियात के तौर पर तुरंत वहां से रेस्क्यू कर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। फिलहाल जांच टीम और सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री आवास और उसके आसपास के इलाके की सघन तलाशी ले रही हैं ताकि किसी भी तरह के खतरे से निपटा जा सके।
पिछले साल भी मिली थी जान से मारने की धमकी
प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज की सुरक्षा को लेकर पहले भी चूक और धमकियों के मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले मार्च 2025 में भी उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। उस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने 36 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया था। पुलिस की जांच में पता चला था कि धमकी देने वाला शख्स नशे का आदी था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके अलावा, इसी महीने की शुरुआत में पीएम आवास से कुछ ही दूरी पर एक हमले की घटना भी हुई थी, जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
कनाडाई पीएम मार्क कार्नी के दौरे से ठीक पहले साजिश की आशंका
इस बम की धमकी को सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अगले ही हफ्ते ऑस्ट्रेलिया के अहम दौरे पर पहुंचने वाले हैं। इस दौरे के दौरान उनकी प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर बैठक होनी है। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र को लेकर कोई बड़ा समझौता भी हो सकता है। ऐसे में कनाडाई पीएम के दौरे से ठीक पहले इस तरह की धमकी मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
