कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव ने कानूनी मुश्किलों से बाहर आते ही दोबारा कैमरे का सामना कर लिया है। 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मुंबई पहुंचते ही अभिनेता सीधे सेट पर पहुंचे और लंबित काम को आगे बढ़ाया।
16 फरवरी को मिली अंतरिम जमानत (Rajpal Yadav Begins Shooting After Release From Tihar Jail)
दिल्ली की अदालत से राहत मिलने के बाद राजपाल यादव ने 16 फरवरी को जेल से बाहर कदम रखा। इससे पहले उन्हें तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। यह मामला एक दशक पुराना है, जिसकी जड़ें उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ी हैं। इस फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने एक कंपनी से कर्जा लिया था, जिसे समय पर चुकाया नहीं जा सका। बाद में जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए और मामला अदालत तक पहुंच गया।
