देश के 15 से ज्यादा राज्यों में शुक्रवार से गर्मी से राहत मिलने वाली है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, यूपी में अगले तीन दिन बारिश हो सकती है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
वहीं राजस्थान में जयपुर सहित 11 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट है। जैसलमेर, फलोदी, गंगानगर, बीकानेर में कल हीटवेव का सबसे ज्यादा असर रहा। बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म शहर रहा, यहां तापमान 48°C को पार करके 48.2°C तक पहुंचा।
महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले तीन दिन में 16 लोगों के शव रेलवे स्टेशन, सड़क, फ्लाईओवर के नीचे समेत अन्य सार्वजनिक जगहों पर मिले। प्रशासन को आशंका है कि हीटवेव के कारण इन लोगों की मौत हुई। नागपुर में बुधवार को भी अधिकतम तापमान 46°C रहा।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो आज उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओले गिर सकते हैं।
मौसम की डिटेल जानने से पहले नौतपा में सेहत का ख्याल रखने वाली यह खबर पढ़ लीजिए…
नौतपा में हीटवेव: ये 10 संकेत दिखें यानी आपको लू लग गई है, तुरंत डॉक्टर के पास जाएं, बचाव के लिए करें ये 14 काम
नौतपा में गर्मी अपने चरम पर है। भारत के कई शहरों में टेम्परेचर 45°C के पार चला गया है। तेज धूप के साथ चलने वाली गर्म हवाओं से लू यानी हीटस्ट्रोक का रिस्क बढ़ गया है। लू लगने पर ‘बॉडी कूलिंग सिस्टम’ ठीक से काम नहीं कर पाता है। समय पर इलाज न मिले तो यह स्थिति जानलेवा हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश की संभावना
देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 mm बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में 15 दिनों की बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं।

