कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डीप्टी सीएम डीके शिवकुमार आज सुबह 11 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी के साथ बैठक करेंगे। राज्य में मुख्यमंत्री और कैबिनेट में बदलाव की चर्चाओं के बीच दोनों सोमवार रात को दिल्ली पहुंचे।
सिद्धारमैया के साथ कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर भी थे। दिल्ली पहुंचने के बाद सिद्धारमैया ने कहा- हाईकमान ने बुलाया है, इसलिए आया हूं। बैठक का एजेंडा क्या है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। वेणुगोपाल ने फोन कर समय और तारीख बताई थी।
वहीं शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा, “कुछ परिस्थितियों में दिल्ली जाना जरूरी हो जाता है, इसलिए जा रहा हूं।” बैठक को राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन, कैबिनेट फेरबदल और पार्टी के अंदरूनी विवादों से जोड़कर देखा जा रहा है।
BJP बोली- खड़गे नाम के अध्यक्ष
कर्नाटक सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि दिल्ली में होने वाली बैठक का मकसद पार्टी के अंदर चल रहे मुद्दों को सुलझाना है। कांग्रेस कार्यकर्ता गृह मंत्री जी परमेश्वर के समर्थन में भी आवाज उठा रहे हैं। इससे पार्टी के अंदर शक्ति संतुलन की चर्चा और तेज हो गई है।
इससे पहले सोमवार को जब खड़गे से कर्नाटक की राजनीतिक स्थिति पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- मैं इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा। राहुल जी बोलेंगे।
खड़गे के इसी बयान को लेकर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष केवल नाम के अध्यक्ष हैं और पार्टी रिमोट कंट्रोल से चल रही है। इतने बड़े मुद्दे पर खड़गे कह रहे हैं कि राहुल गांधी जवाब देंगे। इससे साफ है कि असली ताकत किसके पास है।
पूनावाला ने कांग्रेस पर आंतरिक कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में केरल, हिमाचल और अब कर्नाटक में भी सत्ता संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा- कांग्रेस को जनता से ज्यादा कुर्सी की चिंता है।

